क्रिकेट आज दुनिया के सबसे प्रसिद्ध खेलों में से एक है अंतरराष्ट्रीय लेवल पर इसे सामान्य रूप से तीन फॉर्मेट में खेला जाता है टेस्ट, वनडे और टी20। तीनों फॉर्मेट की अपनी अलग अलग इतिहास है। टेस्ट क्रिकेट जहां समय देकर और संयम से खेला जाता है, वहीं ODI ने क्रिकेट को तेज बनाया और T20I ने इसे और भी तेज और विस्फोटक खेल बनाया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 2,628 टेस्ट, 5,001 वनडे और 4,062 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जा चुके हैं। आइए जानते हैं कि इन तीनों फॉर्मेट की शुरुआत कब हुई और अब तक कितने मैच खेले जा चुके हैं।
1. टेस्ट क्रिकेट – 1877 से अब तक 2,628 मैच
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे पुराना फॉर्मेट टेस्ट क्रिकेट है। इसकी शुरुआत 1877 में हुई थी। पहला टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 15 मार्च 1877 को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया ने इस ऐतिहासिक मुकाबले को 45 रन से जीता था।
टेस्ट क्रिकेट को आज भी क्रिकेट का सबसे कठिन फॉर्मेट माना जाता है। इसमें बल्लेबाजों को लंबे समय तक क्रीज पर टिकना होता है और गेंदबाजों को अलग-अलग समय में लगातार प्रदर्शन करना पड़ता है। टेस्ट क्रिकेट का अंतरराष्ट्रीय इतिहास लगभग डेढ़ सदी पुराना हो चुका है।
2. ODI क्रिकेट – 1971 से अब तक 5,001 मैच
टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत के लगभग 94 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया फॉर्मेट आया ,वनडे इंटरनेशनल।
पहला अंतरराष्ट्रीय ODI मैच 5 जनवरी 1971 को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था। दिलचस्प बात यह है कि यह मुकाबला पहले टेस्ट मैच के रूप में निर्धारित था, लेकिन बारिश के कारण टेस्ट रद्द होने के बाद इसे एक दिवसीय मैच में बदल दिया गया। यह मुकाबला 40-40 ओवर का था। ऑस्ट्रेलिया ने इस ऐतिहासिक ODI मैच को 5 विकेट से अपने नाम किया।
इसके बाद ODI क्रिकेट ने धीरे-धीरे पूरी दुनिया में अपनी जगह बनाई। खासकर 1980 के दशक के बाद इसकी डिमांड तेजी से बढ़ी और विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों ने इस फॉर्मेट को क्रिकेट के सबसे महत्वपूर्ण फॉर्मेट में शामिल कर दिया। ICC के अनुसार ODI क्रिकेट की शुरुआत 1971 में हुई और आधुनिक समय में इसे 50 ओवर प्रति टीम के फॉर्मेट के रूप में खेला जाता है।
3. T20I क्रिकेट – 2005 से अब तक 4,062 मैच
क्रिकेट का सबसे छोटा अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट T20 इंटरनेशनल है। इसकी शुरुआत 2005 में हुई।
पहला पुरुष T20I मुकाबला 17 फरवरी 2005 को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले को 44 रन से जीता था।
T20 क्रिकेट का मतलब कम समय में ज्यादा रोमांच पैदा करना था। 20 ओवर प्रति टीम के इस फॉर्मेट में बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने और गेंदबाजों को सीमित ओवरों में बल्लेबाजों पर दबाव बनाना होता था।



.jpg)
