इसमें कोई संदेह की बात नहीं है कि मिचेल स्टार्क दुनिया के महानतम गेंदबाजों में से एक हैं। इस ऑस्ट्रेलियाई बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को दुनिया की सबसे ग्लैमरस टी20 लीग IPL में धमाल मचाते हुए लोगों ने कई बार देखा है।
2024 में लगभग 25 करोड़ तक कोलकाता के लिए बिके थे। लेकिन 2025 में इस बार वह दिल्ली कैपिटेल्स के लिए खेल रहे हैं। इस बार मिचेल स्टार्क ने एक ऐसा कारनामा किया है जिसे वह काफी लंबे समय से IPL में नहीं कर पा रहे थे। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
मिचेल के पहले IPL के 39 मैच और पिछले 8 मैच
अपने पहले 39 आईपीएल मैचों में स्टार्क ने केवल एक मैन ऑफ द मैच पुरस्कार जीता था। यह आंकड़ा उनके स्तर के गेंदबाज के लिए काफ़ी कमतर और आश्चर्यजनक आंकड़ा है। हालांकि गेंद के साथ उन्होंने इस दौरान शानदार प्रदर्शन किया लेकिन वह ज्यादा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार नहीं जीत सके। उनके पहले 39 मैच में उनका प्रभाव अक्सर उनके अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन की तुलना में कमतर महसूस हुआ। सवाल उठाए गए। क्या स्टार्क वास्तव में आईपीएल के लिए बने थे? क्या वह भारतीय पिचों पर अपना विश्व कप का दबदबा दोहरा सकते हैं?
उनके पिछले 8 आईपीएल मैचों की बात करें, तो कहानी नाटकीय रूप से बदल गई है।
स्टार्क ने अब पिछले सिर्फ़ 8 मैचों में 4 मैन ऑफ़ द मैच अवार्ड जीते हैं। यह एक ऐसा आश्चर्यजनक बदलाव है जिसने आलोचकों को चुप करा दिया है और गेम चेंजर के रूप में उनके ओहदे को फिर से बढ़ा दिया है। चाहे वह तेज़ गति और स्विंग के साथ टॉप ऑर्डर को झकझोरना हो या डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर डालना हो, स्टार्क सनसनीखेज गेंदबाजी से कम नहीं रहे हैं। उनकी मौजूदगी अब विपक्षी बल्लेबाजों के नाक में दम कर रही है।
मिचेल स्टार्क का IPL करियर
ऑस्ट्रेलियाई बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का इंडियन प्रीमियर लीग में प्रदर्शन काफी उतार चढ़ाव भरा रहा है।
उन्होंने अपना IPL डेब्यू 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए किया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के लिए वह 2014–2015 तक खेले। इसके बाद वह IPL में नहीं आए। उन्होंने RCB के लिए 27 मैच खेले और इन 27 मैचों में उन्होने 34 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर 4 विकेट था।
फिर वह 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा खरीदे गए लेकिन चोट के कारण वह नहीं खेल सके।
फिर वह 9 साल बाद वापस कोलकाता नाइट राइडर्स में आए।
कुल मिलाकर बात की जाए तो मिचेल स्टार्क ने अब तक 47 IPL मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 61 विकेट चटकाएं हैं।