भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 7 रन से हरा दिया और टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब फाइनल में भारत का मुकाबला 8 मार्च को न्यूजीलैंड से होगा।
भारतीय पारी
मैच की शुरुआत टॉस से हुई, जहां इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय बल्लेबाजों ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली। ईशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि हार्दिक पांड्या ने 12 गेंदों में 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंदों में 21 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

जैकब बेथल ने पूरी जान लगा दी
253 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी जबरदस्त संघर्ष किया। इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 105 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनके अलावा विल जैक्स ने 35 रन और जोस् बटलर ने 25 रन का योगदान दिया।

हालांकि भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और समय-समय पर विकेट निकालते रहे। अंत में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 246 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 7 रन से जीत लिया।
भारत की इस शानदार जीत के साथ ही टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब खिताब के लिए भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। क्रिकेट प्रशंसकों को फाइनल मुकाबले में एक और रोमांचक मैच देखने की उम्मीद है।





