क्रिकेट की दुनिया में SENA देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में जाकर रन बनाना बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक माना जाता है। तेज और उछाल भरी पिचों पर एशियाई बल्लेबाजों के प्रदर्शन का असली परीक्षा होती है।
लेकिन कुछ बल्लेबाज ऐसे रहे हैं, जिन्होंने इन देशों में टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने का कारनामा किया है। इस बड़ी उपलब्धि की लिस्ट में रोहित शर्मा, कुसल परेरा, बाबर आजम और केएल राहुल शामिल हैं।
1. रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने SENA देशों में तीनों फॉर्मेट में शतक लगाकर खुद को साबित किया है। उनके लिए यह उपलब्धि खास इसलिए भी है क्योंकि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की मुश्किल परिस्थितियों में शतक लगाने के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया में वनडे और इंग्लैंड में टी20 इंटरनेशनल में भी शतक जड़ा है।
टेस्ट – 127 रन vs इंग्लैंड, द ओवल
रोहित ने सितंबर 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में शानदार 127 रन बनाए। यह विदेशी जमीन पर रोहित का पहला टेस्ट शतक था।
वनडे – 171* vs ऑस्ट्रेलिया, पर्थ
जनवरी 2016 में पर्थ मैदान पर रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विस्फोटक अंदाज में 171 रन बनाए। उन्होंने 163 गेंदों पर यह पारी खेली और भारत का स्कोर 309/3 तक पहुंचाया। हालांकि ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ और जॉर्ज बेली की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मुकाबला जीत लिया।
टी20I – 100* vs इंग्लैंड, ब्रिस्टल
जुलाई 2018 में ब्रिस्टल में रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ 56 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए। भारत ने 199 रन के लक्ष्य को 18.4 ओवर में हासिल कर लिया और सात विकेट से मुकाबला जीत लिया।
2. कुसल परेरा
श्रीलंका के आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल परेरा भी इस खास सूची का हिस्सा हैं। उन्होंने SENA देशों में टेस्ट, वनडे और टी20I तीनों में शतक लगाए हैं।
टेस्ट – 153* vs दक्षिण अफ्रीका, डरबन
फरवरी 2019 में डरबन टेस्ट में कुसल परेरा ने ऐसी पारी खेली जिसे टेस्ट क्रिकेट की यादगार पारियों में गिना जाता है। दक्षिण अफ्रीका द्वारा दिए गए 304 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका 229/9 पर संघर्ष कर रहा था। इसके बाद परेरा ने नाबाद 153 रन बनाकर श्रीलंका को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिलाई।
वनडे – 102 vs न्यूजीलैंड, माउंट माउंगानुई
जनवरी 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल में परेरा ने 86 गेंदों में 102 रन बनाए। हालांकि इस मैच उनकी शानदार सेंचुरी श्रीलंका को जीत नहीं दिला सकी। न्यूजीलैंड ने पहले 371/7 का विशाल स्कोर बनाया और श्रीलंका 326 रन पर ऑलआउट हो गया।
टी20I – 101 बनाम न्यूजीलैंड, नेल्सन
जनवरी 2025 में कुसल परेरा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नेल्सन में सिर्फ 46 गेंदों पर 101 रन ठोक दिए। उन्होंने 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। श्रीलंका ने 218/5 का स्कोर बनाया और न्यूजीलैंड को 211/7 पर रोककर सात रन से जीत दर्ज की।
3. बाबर आजम
पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने भी SENA देशों के हालात में तीनों फॉर्मेट में शतक लगाकर इस खास सूची में जगह बनाई है।
टेस्ट – 104 vs ऑस्ट्रेलिया, ब्रिस्बेन
नवंबर 2019 में गाबा में बाबर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरी पारी में 104 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की मुश्किल हालातों में यह पारी बेहद शानदार थी। ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला पारी और पांच रन से जीत लिया।
वनडे – 158 vs इंग्लैंड, बर्मिंघम
जुलाई 2021 में बर्मिंघम के एजबेस्टन में बाबर ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार 158 रन बनाए। उन्होंने 139 गेंदों की पारी में 14 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि पाकिस्तान 331/9 बनाने के बावजूद मुकाबला तीन विकेट से हार गया।
टी20I – 122 vs दक्षिण अफ्रीका, सेंचुरियन
अप्रैल 2021 में सेंचुरियन में बाबर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 59 गेंदों पर 122 रन की शानदार पारी खेली। मोहम्मद रिजवान के साथ उनकी 197 रन की साझेदारी ने पाकिस्तान को 205/1 तक पहुंचाया।
4. केएल राहुल
भारत के केएल राहुल इस सूची में दूसरे खिलाड़ी जिन्होंने ऐसा किया हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड में क्रमशः टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाकर SENA देशों में तीनों फॉर्मेट में सेंचुरी लगाने का कारनामा किया।
टेस्ट – 110 vs ऑस्ट्रेलिया, सिडनी
जनवरी 2015 में सिडनी टेस्ट में केएल राहुल ने 110 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक था। भारत की पहली पारी में राहुल ने विराट कोहली के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की थी।
वनडे – 112 vs न्यूजीलैंड, माउंट माउंगानुई
फरवरी 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में राहुल ने 113 गेंदों पर 112 रन बनाए। लेकिन न्यूजीलैंड ने इस मैच को 47.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
टी20I – 101* vs इंग्लैंड, मैनचेस्टर
जुलाई 2018 में ओल्ड ट्रैफर्ड में केएल राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 54 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। भारत ने 160 रन का लक्ष्य सिर्फ 18.2 ओवर में हासिल कर लिया।





